
हरियाणा में कोरोना बढ़ने लगा है। बुधवार को 5 नए केस मिले हैं। फरीदाबाद में 3 तो गुरुग्राम में 2 लोग पॉजिटिव पाए गए। फरीदाबाद में 2 संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री मिली। एक व्यक्ति हाल ही में वियतनाम से लौटा था, जबकि दूसरा आंध्र प्रदेश से वापस आया है। यहां कुल मरीज 9 हो गए हैं।
गुरुग्राम में एक मरीज 74 साल का है तो दूसरा 37 साल का है। दोनों ही मरीजों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है। अब गुरुग्राम में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 10 हो गई है। वहीं, प्रदेश में अब कुल मरीजों की संख्या 21 हो गई है।
बढ़ते केसों को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में हेल्थ डिपार्टमेंट की मीटिंग ली। मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और हेल्थ डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) सुधीर राजपाल मौजूद रहे।
वहीं, चंडीगढ़ में बुधवार को कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। 3 दिन से उसे सांस लेने में तकलीफ थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले राजकुमार (40) के रूप में हुई है।
सेक्टर-32 अस्पताल के डॉक्टर धरनी ने बताया कि राजकुमार लुधियाना से रेफर होकर चंडीगढ़ आया था। वह कुछ समय पहले ही लुधियाना में आया था। यहां आकर उसे बुखार हुआ था।